सहारनपुर। जनता रोड पर आठ साल की बहन की गोद से एक साल के मासूम को छीनकर अपहरण किए जाने के मामले में अभी तक बच्चे का कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस इसे बच्चा चोरी कर बेचने वाले गैंग की करतूत मानकर चल रही है। साथ ही तंत्र क्रिया के लिए भी बच्चे का अपहरण किए जाने को लेकर भी पुलिस आशंकित है। बच्चे की तलाश में सर्विलांस की टीम को भी लगा दिया गया है।
देहात कोतवाली के ग्राम ढमोला के पास जनता रोड से शनिवार की शाम को लगभग साढ़े पांच बजे इंतजार की आठ वर्षीय बेटी साजिया एक साल के भाई आशियान को गोद में लेकर जा रही थी। उसी समय बाइक सवार दो युवक बच्चे को उसकी गोद से छीनकर फरार हो गए थे। अपहरण की इस घटना के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। रविवार तक भी मासूम का कोई पता नहीं चल सका।
पुलिस ने मासूम आशियान की तलाश के लिए दो थाने के अलावा सर्विलांस की टीम लगा दी है। पुलिस अभी बच्चे के अपहरण किए जाने का कारण नहीं पता कर सकी है। पुलिस के अनुसार परिवार की आर्थिक स्थिति भी अधिक मजबूत नहीं है और कोई रंजिश का मामला भी सामने नहीं आ सका है। जिसके बाद पुलिस बच्चा चोर गिरोह की ये करतूत मानकर चल रही है। उसी दिशा में पुलिस अपनी जांच कर रही है। यही नहीं परिजनों के कहने के अनुसार पुलिस तंत्र-मंत्र के लिए बच्चे का अपहरण किए जाने की दिशा में भी काम कर रही है।
अपहर्ताओं का पता लगाने के लिए पुंवारका तक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस के अनुसार एक सीसीटीवी कैमरे में साजिया एवं अन्य बच्चों को आते हुए देखा गया है। जबकि दूसरी जगह सीसीटीवी कैमरे में बाइक सवार दो युवक भी जाते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि अभी तक यह नहीं पता चल सका है कि यही बाइक सवार अपहर्ता हैं। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी में उनके साथ बच्चा नजर नहीं आ रहा है। पुलिस उन बाईकर्स की बच्चों से पहचान कराएगी।
बच्चा चोरी करने वाला गैंग भी हो सकता है
एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह का कहना है कि अभी बच्चे का पता नहीं लग सका है। पुलिस की टीमें लगी हुईं हैं। बच्चा चोरी करने वाला गैंग हो सकता है, तंत्र-मंत्र के लिए भी अपहरण की आशंका जताई जा रही है। पुलिस दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है।