नानौता (सहारनपुर)। भारतीय किसान यूनियन( अराजनैतिक) की बैठक में प्रांतीय संगठन मंत्री अमीर हैदर जैदी ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार मिलकर किसानों का शोषण कर रही है। किसान इन सरकारों में पूरी तरह से परेशान हो चुके हैं।
शुक्रवार को मोहल्ला छत्ता में आयोजित भाकियू की बैठक में अमीर हैदर जैदी ने कहा कि पिछले काफी समय से किसान को उसके गन्ने का और गेहूं का भुगतान नहीं मिल पा रहा है। इतना ही नहीं किसानों पर बिजली के बिजली बिल बढ़ाकर दोहरी मार दी जा रही है। जबकि पड़ोसी राज्य हरियाणा में 25 रुपये प्रति हार्सपावर और जबकि पंजाब में किसानों को फ्री बिजली दी जा रही है। जबकि यूपी सरकार में 150 रुपये प्रति हार्सपावर कर किसानों को लूटने का काम किया जा रहा है। भाकियू इसकी कडे़ शब्दों में निंदा करती है। उनकी फसलों का भुगतान नहीं होने के चलते किसान न तो खाद-बीज खरीद पा रहे हैं और न ही स्कूलों में अपने बच्चों की फीस समय से दे पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिजली कर्मचारियों द्वारा घरों में छापेमारी की जा रही है। भाकियू इसका जमकर विरोध करती है। किसानों पर हो रहे अत्याचारों के विरोध में भाकियू हरिद्वार से दिल्ली संसद तक का पैदल मार्च आगामी 23 सितंबर से शुरू कर दो अक्टूबर तक दिल्ली महात्मा गांधी की समाधि पर पहुंचेगी और संसद को घेरने का काम करेगी।
इस दौरान इशरत अब्बास, शाहिद खानू उर्फ कालू, राव मुकर्रम, राजेंद्र, मांगेराम, मशाहिद रजा, खलील, रामदास, ओमपाल आदि मौजूद रहे।