डीएम को सड़क निर्माण की जमीनी हकीकत बताई
देवबंद। सहारनपुर-मुजफ्फरनगर हाईवे के निर्माण में अनियमितता के संबंध में एसडीएम ने डीएम को पत्र भेजकर जमीनी हकीकत से अवगत कराया है।
गौरतलब है कि दो जून को बजरंग दल के नेता विकास त्यागी के नेतृत्व में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए सड़क निर्माण में भारी अनियमितता बरती जाने का आरोप लगाया था। विकास त्यागी ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान जद में आए हिंदुओं के धार्मिक स्थलों को तो तुड़वा दिया गया जबकि कब्रिस्तान, मस्जिदों और मदरसों को नहीं हटाया गया। जीतगिरि मंदिर के सामने दीवार खड़ी कर दी गई। जबकि मंदिर के काफी हिस्से को तोड़ा जा चुका है। ऐसा भेदभाव किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विकास त्यागी ने बताया कि एसडीएम की जांच में लोगों की शिकायत सही पाई गई। एसडीएम रामविलास यादव ने डीएम पीके पांडेय को भेजी रिपोर्ट में कहा कि फ्लाईओवर के नीचे 75-75 फुट सर्विस रोड बनाई जानी थी। इसका निर्माण कंपनी ने संज्ञान नहीं लिया। जांच में पाया गया कि कहीं सड़क की चौड़ाई 40 फुट तो कहीं 60 फुट है। विकास त्यागी ने कहा कि एसडीएम ने भरोसा दिलाया है कि सड़क चौड़ीकरण दौरान जहां भी कब्रिस्तान और मस्जिद का अतिक्रमण है उसे एक सप्ताह के भीतर हटवा दिया जाएगा।