गंगोह(सहारनपुर)।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने कैराना उपचुनाव में विकास और कानून व्यवस्था को प्रमुख मुद्दा बताते हुए कहा कि सपा सरकार ने सांप्रदायिक आधार पर फैसले लेकर एक वर्ग विशेष के लोगों को संरक्षण देने का काम किया। इसके विपरीत भाजपा ने सबका साथ, सबका विकास को अपनाकर आम लोगों के हितों के लिए कई योजनाएं लागू की है।
रामलीला भवन में भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह के समर्थन में आहूत प्रबुद्ध नागरिक सम्मेलन के उपरांत पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पांडेय ने कहा कि परिवारवाद को बढ़ावा देने वाली विरोधी ताकतों का एकमात्र मकसद भाजपा को कमजोर करना है। दूसरी तरफ प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी है, जिनके लिए देश और प्रदेश की जनता ही उनका परिवार है। बसपा सुप्रीमो मायावती को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि कांशीराम के मिशन को पूरा करने के बजाए वह अपने और भाई आनंद के लिए दौलत इकट्ठा करने में जुटी हैं। सपा अपने परिवार के 57 सदस्यों, रालोद पिता, पुत्र और कांग्रेस मां-बेटे के इर्द-गिर्द घूम रही है। चौधरी चरणसिंह को किसान, मजदूरों और गरीबों का मसीहा बताते हुए उन्होंने कहा कि उनके पुत्र एवं पौत्र कुर्सी के मोह में किसी भी सीमा तक जाने को तैयार हैं। उन्होंने मृगांका सिंह को भारी मतों से जिताने की अपील की। विधायक प्रदीप चौधरी, सांसद धर्मेन्द्र कश्यप, जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र कश्यप, विधायक प्रमोद ऊंटवाल, पूर्व विधायक शशि बाला पुंडीर, कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा, विधायक विक्रम सैनी, संजय शर्मा एवं चौधरी नक्षत्रपाल सिंह आदि रहे। सम्मेलन का संचालन ओमपाल पांचाल ने किया।