आंधी बारिश का कहर : पेड़ और विद्युत पोल टूटे, बत्ती गुल
देवबंद (सहारनपुर)। रविवार रात तेज आंधी के साथ हुई भारी बारिश ने क्षेत्र में जमकर कहर बरपाया है। दुकानों और चौराहों पर लगे साइन बोर्ड उखड़कर दूर जा गिरे। पापुलर, शीशम, यूके लिप्टिस आदि पेड़ जमीन से उखड़ गए।
आंधी बारिश ने उत्तर प्रदेश में 14 लोगों की जिंदगी को निगल लिया है। हालांकि देवबंद क्षेत्र में आंधी बारिश से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। लेकिन पेड़ों और विद्युत पोल के टूटने से भारी नुकसान पहुंचा है। देवबंद के रेलवे रोड स्थित सरकारी आईटीआई के ग्राउंड में खड़ा यूके लिप्टिस का पेड़ बीच से टूट गया। मोहल्ला किला पर जाफर के मकान की दीवार भरभराकर ढह गई। धर्मपुर गांव में राजेंद्र के मकान के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाईन का खंभा टूटकर घेर में जा गिरा। गनीमत रही कि उस दौरान बिजली नहीं थी। राजेंद्र ने बताया कि हाईटेंशन लाइन हटवाने के लिए कई बार अधिकारियों से गुहार लगाई गई। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। ठोकरपुर गांव के समीप एक बड़ा पेड़ टूटकर गिरने से मार्ग बाधित हो गया। इससे राहगीरों को भारी दिक्कत उठानी पड़ी। इनके अलावा सांपला रोड, देवबंद-चंदेना मार्ग, अंबहेटा कुलसत रोड, रणखंडी मार्ग, देवबंद-रूड़की मार्ग पर भी अनेक जगहों पर पेड़ टूटने से रास्ता बाधित हो गया।