सहारनपुर। देवबंद के ग्राम शाहपुर में हर्ष फायरिंग के दौरान बीएसएफ जवान रवि को गोली लगने के मामले में परिजनों ने कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने पुलिस पर आरोपी को बचाने का आरोप लगाया है। जांच किसी दूसरे थाने से कराए जाने की मांग की है।
देवबंद कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहपुर निवासी श्यामो परिजनों के साथ बुधवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची। श्यामो ने आरोप लगाया कि गांव मे 8 मार्च को शामली के थाना कैराना के गांव बुच्चाखेड़ी निवासी संदीप ने जान से मारने की नीयत से बीएसएफ मे जवान उसके पुत्र रवि तथा दूसरे पुत्र रविंद्र कुमार पर पिस्टल से तीन-चार फायर किए थे। जिसमें रवि के सिर में गोली लगी थी और गंभीर रूप से घायल हो गया। उस समय परिवार के अन्य लोग भी छत पर ही मौजूद थे। उसने आरोपी संदीप के खिलाफ कोतवाली देवबंद में जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई। श्यामो के अनुसार बीएसएफ में जवान उसके पुत्र रवि का दिल्ली में बीएसएफ की देखरेख में ही उपचार चल रहा है। उसने आरोप लगाया कि उसने कार्रवाई के लिए कई बार कोतवाली के चक्कर लगाए, लेकिन विवेचक ने अभी तक उसके बयान भी दर्ज नहीं किए और वह आरोपी से धारा 307 हटाने की बात कह रहा है। बीएसएफ जवान रवि की मां श्यामो ने एसएसपी को ज्ञापन देकर मामले की जांच किसी अन्य थाने से कराए जाने की मांग की है। ज्ञापन देने में उसके साथ सूरज, बबलू, दिनेश, धर्म सिंह, जसवंत, नानू, विनोद, प्रवीण, प्रदीप, सिकंदर शामिल रहे।