सहारनपुर। पुलिस लाइन में तैनात सिपाही के पास मिलने आए चचेरे भाई की पुलिस लाइन के स्नानागार में नहाते समय करंट लगने से झुलस गया। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिपाही बिना पोस्टमार्टम कराए ही अपने चचेरे भाई का शव लेकर चला गया।
मंगलवार को पुलिस लाइन में तैनात अमरोहा के ढायकवाड़ा निवासी सिपाही गौरव से मिलने उसका चचेरा भाई शुभम (20 वर्ष) पुत्र महिपाल आया हुआ था। बुधवार की सुबह लगभग 9 बजे शुभम नहाने के लिए पुलिस लाइन में बने स्नानागार में गया। नहाते समय अचानक उसे करंट लगा और वह झुलस गया। काफी देर तक बाथरूम से कोई आवाज न आने पर सिपाही गौरव ने जाकर देखा तो शुभम झुलसी हुई हालत में अचेतावस्था में पड़ा हुआ था। उसकी हालत खराब देख पुलिस लाइन में हड़कंप मच गया। सिपाही गौरव अपने साथियों के साथ शुभम को लेकर अस्पताल पहुंचा। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। लेकिन बाद में बिना किसी कार्रवाई के ही शुभम के शव को लेकर गौरव अपने घर अमरोहा के लिए रवाना हो गया।