फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मल्टीपर्पज बनेगा जुबली पार्क, होगा कायाकल्प

विज्ञापन
विज्ञापन
सहारनपुर। शहर के बीचोंबीच स्थित जुबली पार्क को मल्टीपर्पज यानी बहुउद्देशीय बनाने की तैयारी है। स्मार्ट सिटी योजना के तहत नगर निगम जुबली पार्क परिसर में बने पार्क का सुंदरीकरण कराएगा। इसी की बगल में अवैध कब्जों से खाली कराई गई जमीन पर मल्टीस्टोरी बिल्डिंग बनाने की तैयारी है, जिसमें पार्किंग होगी। इसी में एक फ्लोर पर वेंडिंग जोन भी होगा। इसके अलावा खाने के शौकीन लोगों के लिए रामलीला मैदान पर चाट कॉर्नर की भी व्यवस्था की जा रही है।
विज्ञापन

स्मार्ट सिटी योजना में चयन होने के बाद नगर निगम शहर के विकास के लिए कार्ययोजना तैयार करने में जुटा है। जुबली पार्क का बहुउद्देशीय उपयोग भी कार्ययोजना का एक हिस्सा है। बता दें कि दशकों से जुबली पार्क, नगर निगम की अनदेखी का शिकार रहा है। कभी इस पार्क में बच्चों के मनोरंजन के लिए तमाम तरह के झूले थे। पार्क के बीच में एक छोटी झील भी थी, मगर लगातार अनदेखी की वजह से सब खत्म होता चला गया। अनेक लोगों ने पार्क की जमीन पर कब्जे कर लिए। मगर अब स्मार्ट सिटी योजना में सहारनपुर का चयन होने के बाद नगर निगम ने जुबली पार्क की सुध ली है। जुबली पार्क परिसर में प्रताप मार्केट के पीछे खाली पड़ी जमीन का इस्तेमाल नगर निगम पार्किंग के रूप में करेगा। यहां निगम दुपहिया वाहनों के लिए बेसमेंट बनवाएगा और ऊपर चौपहिया वाहन खड़े हुआ करेंगे। बीचोंबीच बने पार्क का सुंदरीकरण कर इसकी खूबसूरती को वापस लाया जाएगा। परिसर में बने रामलीला स्थल पर चाट कॉर्नर बनाया जाएगा। जुबली पार्क की बगल में 15 दिन पहले खाली कराई गई जमीन पर मल्टी स्टोरी बिल्डिंग बनाई जाएगी, जिसका इस्तेमाल पार्किंग के रूप में किया जाएगा। एक फ्लोर पर 38 से 40 चौपहिया वाहन खड़े होंगे। इसी बिल्डिंग में फर्स्ट फ्लोर का इस्तेमाल वेंडिंग जोन के रूप में किया जाएगा। पार्किंग बनाने पर तेजी से काम चल रहा है। नक्शा लगभग तैयार हो गया है, जिसे फाइनल टच दिया जाना बाकी है।
शहर में बनेंगे 25 वेंडिंग जोन
अतिक्रमण शहर की सबसे बड़ी समस्या है। अतिक्रमण के लिए फल और सब्जी आदि के रेहड़े भी जिम्मेदार हैं। नगर निगम ने रेहड़ों और ठेलों के लिए अलग से व्यवस्था करने की तैयारी कर ली है। शहर में 25 जगहों पर वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे, जिनके लिए जमीन भी चिह्नित कर ली गई है। वेंडिंग जोन में नगर निगम रेहड़ी और ठेले वालों को जगह अलॉट करेगा, जिसका किराया भी वसूला जाएगा। वेंडिंग जोन बनने के बाद एक ओर जहां शहर की सड़कें साफ होंगी, वहीं लोगों को एक ही छत के नीचे सब्जी, फल और आदि सामान उपलब्ध होगा।
विज्ञापन

शहर की प्रमुख सड़कों पर बनेंगे फुटपाथ
स्मार्ट सिटी योजना के तहत नगर निगम ने शहर की तमाम प्रमुख सड़कों पर फुटपाथ बनाने का निर्णय लिया है। खासकर सभी बाजारों जैसे नेहरू मार्केट, प्रताप मार्केट, कोर्ट रोड, अंबाला रोड आदि पर फुटपाथ बनेंगे। इससे एक ओर जहां पैदल चलने वाले सुरक्षित रहेंगे और यातायात व्यवस्था बनेगी। वहीं दूसरी ओर दुकानदारों को भी सड़कों पर अतिक्रमण करने का मौका नहीं मिलेगा। योजना के तहत पहले चरण में कराए जाने वाले कार्यों में फुटपाथ भी शामिल है। इसके अलावा सभी मुख्य सड़कों पर डिवाइडर भी बनेंगे, जिससे सड़कें वन वे बन सकें।

पार्कों को खाली कराकर सुंदरीकरण कराया जाएगा
नगर निगम ने शहर भर के तमाम पार्कों को चिह्नित कर कब्जामुक्त कराने का निर्णय लिया है। अनेक पार्कों को कब्जामुक्त कराया भी गया है। स्मार्ट सिटी योजना के तहत पार्कों का सुंदरीकरण भी कराया जाएगा। जिससे सुबह-सुबह टहलने के लिए लोगों को अच्छा स्थान मिल सके। साथ ही बच्चों को भी खेलकूद की जगह उपलब्ध होगी।

बदला जाएगा पुल खुमरान
पांवधोई नदी पर बने तमाम पुलों में पुल जोगियान के बाद पुल खुमरान सबसे महत्वपूर्ण पुल है। पुल काफी पुराना और जर्जर हो चुका है। चिलकाना रोड पर जाने के लिए अनेक लोग इस पुल का इस्तेमाल करते हैं। मौजूदा हालात में यह पुल छोटा पड़ता नजर आ रहा है, जिसकी वजह से दिन भर पुल पर जाम रहता है। नगर निगम ने पुल को बदलने का निर्णय लिया है। इस पुल को ध्वस्त कर धोबीघाट पुल की तरह बड़ा बनाया जाएगा।

स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहर में अनेक कार्य कराए जाने हैं। फिलहाल हम कार्ययोजना तैयार करने में जुटे हैं। पहले चरण में सड़कों को चौड़ा कराने, शहरवासियों को पार्किंग देने, वेंडिंग जोन बनाने, फुटपाथ बनाने, डिवाइडर बनाने समेत अनेक काम रहेंगे। कोशिश यही है कि योजना में चयन के बाद शहर में बदलाव नजर आए और लोगों को अधिक से अधिक सुविधाएं हम मुहैया करा सकें।
विज्ञापन

- गौरव वर्मा, नगरायुक्त।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें