चिलकाना (सहारनपुर)। स्वच्छ भारत मिशन के तहत कस्बे में स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 को शुरू करने के लिए चेयरमैन ईओ ने कस्बे का भ्रमण कर लोगों को मिशन के बारे में जानकारी का आदान-प्रदान किया।
शनिवार को चेयरमैन अकबर कुरैशी और अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार ने कस्बे के मेन बाजार के आसपास के इलाके में लोगों से संपर्क किया। उन्होंने स्वच्छता सर्वेक्षण के बारे में भौतिक सर्वे की जानकारी ली। अधिशासी अधिकारी ने लोगों को बताया कि सर्वेक्षण के लिए कस्बे में नगर पंचायत द्वारा टीमें गठित की गयी है। टीमों द्वारा लोगों से साफ सफाई संबंधी कुछ आसान से सवाल पूछे जाएंगे। कस्बे में स्वच्छता रैंकिंग को ऊंचा उठाने के लिए कस्बे को साफ-सुथरा रखना अनिवार्य है। कस्बे से निकलने वाले कूड़े को दो तरह के अलग-अलग डिब्बों में एकत्र किया जाएगा। इस कूड़े से खाद बनाया जाएगा। कस्बे में अधिकाधिक शौचालयों का निर्माण और उनका उपयोग होने से स्वच्छता की रैंकिंग में बढ़ोतरी हो सकती है। चेयरमैन और ईओ ने लोगों से कस्बे में शीघ्र प्रारंभ होने वाले सर्वेक्षण में सहयोग देने की अपील करते हुए सरकार के इस अभियान में शामिल होने का आह्वान किया। इस दौरान सभासद राजीव सिंघल, अहसान अहमद, कौशर अली, अकरम कुरैशी, इमरान अहमद, धूम सिंह, सुशील कुमार, प्रताप सैनी, रिफाकत हुसैन, एजाज कुरैशी आदि थे।