वैदिक संस्कृति ज्ञान वर्धिनी प्रतियोगिता में शिवानी और अवनीश प्रथम
अंबेहटा। वैदिक संस्कृति उत्थान न्यास एवं आर्य समाज खेड़ा अफगान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुई वैदिक संस्कृति ज्ञान वर्धिनी प्रतियोगिता का परिणाम घोषित कर दिया गया है। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में प्रतियोगिता के मेधावी बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ यज्ञ से हुआ। यज्ञमान डॉ. प्रमोद कुमार रहे। इस मौके पर आर्य विद्वान रणवीर शास्त्री ने कहा कि वैदिक संस्कृति को अपनाकर ही युवाओं को पथ भ्रमित होने से बचाया जा सकता है। जब तक देश में वैदिक संस्कृति का प्रचलन रहा तब तक विदेशों तक में भारत का लोहा माना गया। उन्होंने युवाओं के नैतिक पतन के लिए पाश्चात्य संस्कृति को जिम्मेदार बताया। इसके बाद न्यास के अध्यक्ष आदित्य प्रकाश गुप्ता ने प्रतियोगिता के परिणाम की घोषणा की। प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में स्वामी केलानाथ कन्या इंटर कॉलेज फंदपुरी की छात्रा शिवानी और जूनियर वर्ग में अजीत सिंह सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज अंबेहटा के छात्र अवनीश गुप्ता ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा सीनियर वर्ग में अभिषेक राठी, नितिका, दीपिका, जयश्री, अनमोल, हुमा मलिक, शर्मिला, साक्षी पंवार, अलीशा, प्रिंस सैनी, आकाश कुमार, प्राची, विशाल और जूनियर वर्ग में आरजू, यूशारा, अलका, अनीशा, सिद्धार्थ आर्य, मोनू कुमार, मीना देवी, विशाखा, ज्योति, लक्ष्मी, अंशुल कुमार, आर्यमान, स्वाति, स्नेहा, आंचल और इंदू के दूसरा स्थान हासिल किया। सभी मेधावी बच्चों को न्यास और आर्य समाज की ओर से नगद राशि, प्रमाण पत्र एवं वैदिक साहित्य पुरस्कार के रूप में प्रदान किए गए। पुरस्कार न्यास के अध्यक्ष आदित्य प्रकाश गुप्ता ने प्रदान किए।
आर्य समाज के मंत्री अमित कुमार आर्य ने आगंतुकों का आभार जताते हुए प्रतियोगिता के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। संचालन वेद भूषण गुप्ता ने किया। इस दौरान वेद मुनी, विकास कुमार, साधुराम, प्रदीप कुमार, अंगद सिंह, कंवर पाल सिंह, सुनील कुमार, राजेश, गोवर्धन, सुमन गुप्ता, पूनम गुप्ता, वीरेंद्र गुप्ता, संजय, अशोक कुमार, प्रियंका, रंजना, श्यामलाल आदि उपस्थित रहे।