देवबंद (सहारनपुर)। राशन वितरण में धांधली बरतने और कालाबाजारी करने के आरोप में खाद्य पूर्ति निरीक्षक ने बचीटी गांव के राशन डीलर के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बचीटी गांव के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर राशन डीलर शाहनजर पर राशन एवं मिट्टी तेल की कालाबाजारी करने का आरोप लगाते हुए कहा था कि डीलर कार्ड धारकों को समय पर राशन का वितरण नहीं करता। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति निरीक्षक सौरभ कुमार गोस्वामी को जांच के आदेश दिए थे। जिसमें धांधली पाई गई। जांच के मुताबिक वितरण सामग्री में पांच से सात क्विंटल गेहूं, 60 लीटर मिट्टी का तेल आदि सामान के वितरण में गड़बड़ी पाई गई। शुक्रवार को पुलिस ने खाद्य पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर राशन डीलर शाहनजर के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
रैली निकाल लोगों को जागरूक किया
देवबंद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा 7 नवंबर से आरंभ होने वाले राष्ट्रीय मिशन इंद्र धनुष की सफलता के लिए शुक्रवार को जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से बच्चों को टीकाकरण कराने के लिए लोगों को जागरुक किया गया।
सीएचसी अधीक्षक डा. इंद्राज सिंह ने बताया कि रैली निकालने का उददेश्य मिशन इंद्र धनुष में शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करना है। अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने छोटे बच्चों को टीके अवश्य लगवाएं ताकि बच्चों को जानलेवा बीमारियों से बचाया जा सके। रैली में शिव मंदिर जूनियर हाईस्कूल के छात्रों, अध्यापकों व यूनिसेफ का विशेष सहयोग रहा। इस मौके पर सुंदर लाल, अरुण आनंद, नीतिन शर्मा और रविंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।