हिंदू स्वाभिमान संगठन ने आतंकवाद का पुतला फूंका
देवबंद (सहारनपुर)। अमरनाथ यात्रियों पर आतंकी हमले के विरोध में बुधवार को हिंदू स्वाभिमान संगठन ने नगर के अति व्यस्त सुभाष चौक पर सांकेतिक जाम लगाकर आतंकवाद का पुतला फूंका। हिंदू संगठनों के लोगों ने केंद्र सरकार से पाकिस्तान के साथ सभी संबंध समाप्त करने की मांग की है।
पुतला दहन के बाद संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष अभिषेक त्यागी ने कहा कि अनंतनाग में आतंकियों ने सात अमरनाथ यात्रियों की निर्मम हत्या की है जो कायराना हरकत है। नगराध्यक्ष राजीव धीमान ने कहा कि पाक को सबक सिखाने के साथ ही अमरनाथ यात्रियों की सुरक्षा के लिए और कड़े प्रबंध किए जाए। जिला संयोजक मनीष त्यागी और सभासद बालेंद्र सिंह ने कहा कि देश में हिंदू कहीं भी सुरक्षित नहीं है। कश्मीर में हिंदुओं की धार्मिक आस्था पर हमला हुआ है। बंगाल में असामाजिक तत्वों द्वारा घात लगाकर हिंदुओं पर हमला किया जा रहा है। हिंदुओं के घरों को जलाया जा रहा है। केरल में आरएसएस कार्यकर्ताओं की हत्या की जा रही है। इस मौके पर अशोक शर्मा, नितिन गुप्ता, गौरव धीमान, लच्छीराम कश्यप, हर्षित वर्मा, मुकुल त्यागी, उद्देश्य चौधरी, अविनाश वाल्मीकि, विशाल, अनिल त्यागी, आशु गुप्ता, सुमित सैनी, मुकुल त्यागी, रजत कश्यप आदि रहे।