सहारनपुर। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा रविवार को जनपद के छह केंद्रों पर संपन्न हुई। परीक्षा में 1,865 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि 366 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे।
परीक्षा के लिए जनपद में कक्षा आठ के 2,231 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। परीक्षा सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक चली। लेकिन अभ्यर्थी केंद्रों पर सुबह आठ बजे से ही जमा होना शुरू हो गए थे। परीक्षा के लिए जनपद में छह केंद्र बनाए गए थे। इनमें राजकीय इंटर कॉलेज नेहरू मार्केट, गुरु नानक इंटर कॉलेज, एसएएम इंटर कॉलेज, एसडी इंटर कॉलेज, बीडी बाजोरिया इंटर कॉलेज और राजकीय कन्या इंटर कॉलेज पुल जोगियान शामिल रहे। इन केंद्रों पर क्रमश: 299, 308, 314, 310, 309, 325 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। जिला विद्यालय निरीक्षक हर्षदेव स्वामी ने केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि परीक्षा का परिणाम जल्द जारी होगा। सफल विद्यार्थियों को कक्षा नौ से 12वीं तक 12 हजार रुपये प्रति वर्ष मिलता है।