सहारनपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की जिला इकाई ने रेलवे के सहायक मंडल इंजीनियर अमन गुप्ता को पत्र भेजकर रेलवे स्टेशन के बाहर गंदगी और जलभराव की समस्या का निदान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि माल गोदाम रोड की सड़क को ठीक कराकर उस पर स्ट्रीट लाइट भी लगवाई जाए।
मंगलवार को भेजे पत्र में व्यापार मंडल ने कहा कि स्थानीय रेलवे स्टेशन के बाहर काफी गंदगी फैली हुई है। रेलवे आरक्षण केंद्र के बाहर माल गोदाम रोड की ओर जाने वाली सड़क पर काफी बड़ा गड्ढा है। जिसमें बारिश होते ही जलभराव हो जाता है। इसके चलते यहां से गुजरने वाले रेल यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि रेलवे स्टेशन के बाहर नशेड़ी और अराजक तत्वों का जमावड़ा भी रहता है। उन्होंने गंदगी हटवाने और सड़क को ठीक कराने एवं स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग की। इस दौरान जिलाध्यक्ष शीतल टंडन, संजय भसीन, अनिल गर्ग, मेजर एसके सूरी, रमेश अरोड़ा, रमेश डाबर, कृष्णलाल मिड़ढा, मुरली खन्ना, पंकज गर्ग, संजीव सचदेवा, प्रवीण चांदना, आशु सिंधू, सुनील मखीजा, राजीव अग्रवाल, रवि टंडन, विक्रम कपूर, सचिन सलूजा, बलदेव राज खुंगर, संजय मित्तल आदि मौजूद रहे।
22 मार्च का अवकाश निरस्त
सहारनपुर। जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने 22 मार्च होली के स्थानीय अवकाश को निरस्त कर दिया है। उन्होंने समस्त विभागाध्यक्ष एवं कार्यालयाध्यक्ष सहित सभी उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदारों को 22 मार्च को प्रत्येक दशा में कार्यालय खुला रखने के निर्देश दिए हैं।