सहारनपुर। रंगो और खुशियों के त्योहार होली को सद्भाव के साथ मनाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही अल्पसंख्यक कल्याण मिशन की बैठक में पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह की तिथि निर्धारित की गई।
बाजोरिया रोड स्थित कुलभूषण जैन के आवास पर आयोजित बैठक में विभिन्न मुद्दों को लेकर चर्चा की गई। नायब शहर काजी नदीम ने कहा कि इस मिशन के अंतर्गत सभी लोगों को एक मंच पर रहकर अपने कर्तव्य को पूरा करना चाहिए। मिशन का उद्देश्य सभी के हितों की रक्षा करना है। जामा मस्जिद प्रबंधक मौलवी फरीद ने कहा कि आपसी भाईचारा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाये रखने के लिए सभी धर्मों के मुख्य लोगों को आगे आना चाहिए। जैन समाज के अध्यक्ष राजेश जैन ने कहा की कोई भी संगठन तभी सफल होता है, जब सभी सदस्य निस्वार्थ समर्पण भाव से कार्य करें। उन्हें उम्मीद है कि यह संगठन अल्पसंख्यकों के हितों के लिए कार्य करते हुए मददगार साबित होगा। सरदार दलजीत कोचर ने कहा की रंगों के खूबसूरत पर्व होली को हर्षोल्लास और शांति के साथ मनाएं। फादर जॉन वेसले और फादर डेनियल मसीह ने असामाजिक तत्वों और अफवाहों से सतर्क रहने की अपील की। मो. आलम ने त्योहार को आपसी सौहार्द के साथ मनाने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही 22 अप्रैल को पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया। गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर परिकर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया।
इस दौरान कुलभूषण जैन, शाहिद जुबैरी, मो. यूनुस, सरदार एमपी सिंह चावला, दीपक जैन, संदीप जैन मौजूद रहे।