गंगोह (सहारनपुर)। उत्तराखंड विधान सभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि दोनों प्रदेशों में शराब से हुई मौतें दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने विपक्ष से शराब कांड को राजनीतिक चश्मे से ना देखने की अपील करते हुए कहा कि शराब को लेकर सामाजिक चेतना लाना एवं प्रभावी कानून बनाना बेहद आवश्यक है।
उत्तराखंड विधान सभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल यहां एक रिश्तेदार की शोकसभा में शामिल होने आए थे। शोकसभा के उपरांत पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों ही प्रदेशों में सरकारें जीरो टालरेंस पर जनता की बेहतरी के लिए कार्य कर रही हैं। सरकार द्वारा किए गए विकास कार्य के बारे में राज्यपाल सदन में बता चुके हैं। उत्तराखंड एवं यूपी में जहरीली शराब से हुई मौतों को उन्होंने दुर्भाग्य पूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह समय राजनीति करने का नहीं होता, इसे राजनीतिक नहीं बल्कि सामाजिक दृष्टि से देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में शीघ्र ही विधानसभा की समिति का गठन किया जाएगा। समिति शराबकांड की गहनता से जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार जल्द ही विधेयक लाने वाली है। इसमें अवैध शराब के धंधे में लिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के प्रावधानों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोबारा ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटना की पुनरावृत्ति ना हो इसके लिए जागरूकता अभियान चलाने की भी आवश्यकता है। सूचना अधिकारी भारत चौहान, एसडीएम युगराज सिंह, सीओ राजेंद्र सिंह, एसएसआई राधेश्याम, एलआईयू प्रभारी बीपी मलिक, सभासद दीपांशु गोयल, निपुण गोयल आदि मौजूद रहे।