सहारनपुर। नगर निगम कार्यकारिणी समिति की बैठक में 620 करोड़ दो लाख रुपये का पुनरीक्षित बजट पास हो गया। सर्व सम्मति से छोटे-बड़े कार्यों के कई प्रस्ताव पर सहमति बनी। समिति के सदस्यों ने समस्याएं बैठक में रखीं। महापौर संजीव वालिया ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के निरस्तारण के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को नगर निगम स्थित महापौर कार्यालय में नगर निगम कार्यकारिणी समिति की बैठक हुई, जिसमें पुनरीक्षित बजट को लेकर चर्चा हुई। पार्षदों की आपत्ति के बाद संशोधित 620 करोड़ दो लाख रुपये का पुनरीक्षित बजट पास हो गया। गृहकर और कांजी हाउस से संबंधित मांगी गई सूचनाएं न देने पर पार्षद मंसूर बदर ने बैठक में सवाल उठाए। इस पर महापौर संजीव वालिया ने संबधित विभागों के अधिकारियों से जानकारी ली। महापौर ने कहा कि पिछली बोर्ड की बैठक में जो प्रस्ताव पास हुए थे, उन्हें रोका नहीं जाए। ऐसा करने पर संबंधित विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही पार्षदों की आपत्ति पर खनन वाहन पार्किंग से जुड़ा प्रस्ताव नंबर 88 निरस्त कर दिया गया। इनके अलावा 90 से 97 तक सभी प्रस्तावों को पास कर दिया गया है। इस दौरान नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह व कार्यकारिणी समिति के सदस्य यशपाल पुंडीर, संजय गर्ग, भूरा सिंह प्रजापति, आशुतोष सहगल, मंसूर बदर, सुनीता शर्मा, शाहवेज, मोनिका सिंह, सुलेमान सहित निगम के समस्त विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
-------------------------
यह मुख्य प्रस्ताव हुए पास
सहारनपुर। नगर निगम कार्यकारिणी समिति की बैठक में सड़कों के चौड़ीकरण, नाली निर्माण, सीवर लाइन बिछाने, बाउंड्रीवाल कराने, इंटर लॉकिंग टाइल्स कार्य, ढमोला नदी पुल के पास नाला निर्माण, पार्कों के कायाकल्प, मानकमऊ स्थित पूर्वी यमुनानहर के घाट पर सड़क निर्माण, विभिन्न स्थानों पर पुलिया व सीसी सड़क निर्माण के प्रस्ताव पास हुए।
------------------------------
नगर निगम कार्यकारिणी समिति की बैठक में 620 करोड़ दो रुपये का पुनरीक्षित बजट पास हो गया। इसके साथ ही सर्वसम्मति से कई प्रस्तावों पर सहमति बनी। बोर्ड की बैठक में इन प्रस्तावों को रखा जाएगा।-------संजीव वालिया, महापौर