नगर पालिका अब पार्किंग के लिए वसूलेगी शुल्क
सरसावा। पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली के आरोपों को देखते हुए नगर पालिका ने अब पार्किंग के लिए शुल्क निर्धारित करने की तैयारी कर ली है। इसके लिए ठेकेदारों से टेंडर मांगे गए हैं।
बता दें कि नगर पालिका के सभासदों ने नगर में पार्किंग के नाम पर हो रही अवैध वसूली एवं कुछ लोगों द्वारा तहबाजारी की फर्जी रसीदें जारी करने के मामले में कई बार हंगामे किए हैं।
सभासदों की ओर से नगर पालिका के नाम पर टेंपो तथा माल उतारने वाले अन्य ट्रांसपोर्ट वाहनों से अवैध शुल्क वसूलने का भी आरोप लगाया जा चुका है। सभासदों ने जिलाधिकारी से भी अवैध वसूली की शिकायत की थी। पालिका प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लिया तथा पार्किंग शुल्क वसूलने का प्रस्ताव तैयार कराया गया। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पार्किंग शुल्क वसूलने को ठेका छोड़ने के लिए पालिका के सूचना बोर्ड पर नोटिस चस्पा करा दिया गया है।
उधर, शनिवार को सभासदों निधिकांत कपिल, प्रमोद, शिवचरण, बबीता राणा ने ईओ से मुलाकात कर अवैध वसूली करने वालों पर कार्यवाही की मांग की। इससे पहले पालिका के ईओ राजीव कुमार ने बताया था कि पालिका ने पार्किंग शुल्क वसूलने का कोई ठेका नहीं छोड़ा है। लेकिन सभासदों के रुख को देखते हुए अब ठेका छोड़ा जा रहा है। इसके लिए 30 अक्तूबर तक निविदा मांगी गई है।