खो-खो प्रतियोगिता में गाजियाबाद की टीमों का दबदबा
नानौता (सहारनपुर)। राजकीय महाविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय महाविद्यालय स्तर की खो-खो प्रतियोगिता में पुरूष और महिला वर्ग में एमएमएच कालेज गाजियाबाद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीम को ट्राफी प्रदान करते हुए सम्मानित किया गया।
राजकीय महाविद्यालय में प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय कपूरी डा. योगेश कुमार त्यागी ने सरस्वती की प्रतिमा पर दीप जलाकर किया। उन्होंने युवाओं को पढ़ाई के साथ साथ खेलो में भाग लेने और नशे से दूर रहने की सलाह दी। इससे पूर्व प्रतियोगिता में हुए लीग मुकाबले रोचक रहे। इनमें पुरूष वर्ग में मेरठ कालेज मेरठ, डीजे कालेज बड़ौत, एसडी कालेज गाजियाबाद और एमपी कालेज गाजियाबाद के मुकाबले हुए। महिला वर्ग में जेवी कालेज बड़ौत, मिहिर भोज कालेज दादरी, एमएमएच कालेज गाजियाबाद और गिनि देवी कालेज मोदीनगर के मध्य मुकाबले हुए। प्रतियोगिता में पुरूष वर्ग में प्रथम स्थान पर एमएमएच कालेज गाजियाबाद, द्वितीय स्थान पर डीजे कालेज बड़ौत, तृतीय स्थान पर एसडी कालेज गाजियाबाद रहे। महिला वर्ग में प्रथम स्थान पर एमएमएच कालेज गाजियाबाद, द्वितीय स्थान पर निहिर भोज कालेज दादरी और तृतीय स्थान पर गिनि देवी महाविद्यालय मोदीनगर रहा। कालेज के प्राचार्य डा. रवि प्रकाश ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहना चाहिए और प्रतियोगिताओं में हिस्सेदारी करनी चाहिए। इस दौरान विजेता टीम को ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर क्रिडा प्रभारी डा0 भारती शर्मा, डा0 योगेन्द्र सिंह डा0 ओमकार सिंह, डा0 अजय बिन्द, डा0 गरिमा चौधरी, डा0 इन्दू, डा0 कुलदीप कुमार, डा. मनीष कुमार, रीना आर्या, रजत जैन, विनोद पांचाल, गोविंदा आदि मौजूद रहे।