सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन को जन आंदोलन बनाने की तैयारी की गई है। इसके तहत स्वच्छता ही सेवा अभियान की शुरूआत हुई। दो अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कांफ्रेंस के जरिए ग्रामीणों से स्वच्छता पर चर्चा करेंगे। कई बड़े कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।
स्वच्छता ही सेवा अभियान की शुरूआत शनिवार को विकास भवन सभागार से मुख्य विकास अधिकारी रेनू तिवारी, जिला विकास अधिकारी मंशाराम यादव और जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार ने लोगों को सफाई के प्रति जागरूक कर की। यह अभियान दो अक्टूबर तक चलेगा, जिसके तहत ग्रामीणों को वाल पेटिंग, प्रभातफेरियों, नुक्कड़-नाटकों के माध्यम से सफाई के प्रति जागरूक किया जाएगा। प्रोजेक्टर के जरिए देश के आदर्श गांवों की तस्वीर और वहां के लोगों के विचार ग्रामीणों को सुनाए जाएंगे। जनपद की 887 ग्राम पंचायतों को 16 दिन में कवर किया जाएगा। इसके लिए कई सीएलटीएस की टीमों को लगाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ग्रामीणों से वीडियो कांफ्रेंस के जरिए स्वच्छता पर चर्चा करेंगे। किसी ग्रामीण ने अगर स्वच्छता को लेकर उल्लेेखनीय कार्य किया है तो उसे दो अक्टूबर को सम्मानित किया जाएगा। जो गांव सबसे अधिक स्वच्छ और सुंदर होगा। वहां के प्रधान को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि दो अक्टूबर तक स्वच्छता सेवा अभियान चलेगा। स्वच्छता को जन आंदोलन बनाना शासन और प्रशासन का मकसद है।
दो अक्टूबर को जिला होगा ओडीएफ घोषित
सहारनपुर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत जनपद को दो अक्टूबर को खुले में शौच से मुक्त (ओडीएफ) घोषित किया जाएगा। प्रशासन ने 18 सितंबर तक शौचालय निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि शौचालय निर्माण का लगभग काम पूरा कर लिया गया है। शासन स्तर से दो अक्टूबर को जनपद को ओडीएफ घोषित किया जाएगा।