गंगोह (सहारनपुर)। शोभित विश्वविद्यालय में आयोजित पांच दिवसीय स्काउट एवं गाइड कैंप का समापन शैक्षिक, सांस्कृतिक भ्रमण के साथ हुआ। तम्बू निर्माण प्रतियोगिता में पंजाब टोली, जबकि रंगोली में महाराष्ट्र टोली प्रथम स्थान पर रही।
शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित शिविर के समापन कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति डा. दुर्ग विजय राय, प्रति कुलपति डा. डीके कौशिक, कुलसचिव डा. महिपाल सिंह और स्काउट-गाइड के जिला संगठन कमिश्नर अनिल कुमार भारद्वाज एवं दीपमाला चौधरी ने संयुक्त रूप से किया। कुलपति डा. दुर्ग विजय राय ने कहा कि स्काउट गाइड कैंप से हमें अनुशासन, सेवा, सहयोग एवं सृजनात्मक क्षमताओं के विकास का सुअवसर मिलता है। प्रति कुलपति ने कहा कि सफल स्काउट एवं गाइड ही एक राष्ट्र का निर्माता हो सकता है। स्काउट गाइड द्वारा टोलियां बनाकर तम्बू निर्माण एवं रंगोली प्रतियोगिताओं में भाग लिया गया। तंबू निर्माण प्रतियोगिता में पंजाब टोली ने प्रथम, उत्तर प्रदेश टोली ने द्वितीय एवं राजस्थान टोली ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। रंगोली प्रतियोगिता में महाराष्ट्र टोली प्रथम, उत्तर प्रदेश टोली द्वितीय एवं राजस्थान टोली तृतीय स्थान पर रही। निर्णायक मंडल में डा. सागर बनर्जी, कुलदीप कुमार एवं शोएब हुसैन शामिल रहे। शिविर में शामिल बीएड द्वितीय वर्ष एवं डीएलएड द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने स्काउट गाइड के नियमाें एवं प्रतिज्ञाओं को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया। भारत स्काउट एवं गाइड संस्था का झंडा बैज के रूप में पोशाक पर लगाया गया। इसके उपरांत स्काउट-गाइड ने सहारनपुर सांस्कृतिक केंद्र के समन्वयक राजीव उपाध्याय ‘यायावर’ के मार्गदर्शन में कुरुक्षेत्र का शैक्षिक भ्रमण किया। इस दौरान शेखचिल्ली का मकबरा, हर्ष का टीला, ज्योतिसर, श्री कृष्ण संग्रहालय आदि स्थानों पर जाकर सांस्कृतिक विरासत को समझाया गया। शिक्षा विभाग के हेड डा. प्रशांत कुमार, रामजानकी, मोनिका शर्मा, सुगंधा तोमर आदि का सहयोग रहा।