दूरबीन लेकर भी नहीं दिख रहे अच्छे दिन : रावत
छुटमलपुर (सहारनपुर)। उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि विकास और अच्छे दिन दूरबीन लेकर भी नहीं दिख रहे हैं। मोदी सरकार में सांप्रदायिक दंगों और भ्रष्टाचार की बाढ़ आ गई है।
छुटमलपुर में उत्तराखंड अल्पसंख्यक एवं वक्फ बोर्ड के पूर्व निदेशक मोहम्मद मुजतबा के निवास पर आयोजित बैठक में रावत ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार दोबारा बनने जा रही है और भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों की गलत नीतियों के चलते किसान, मजदूर और व्यापारी वर्ग सब परेशान हैं। भाजपा की असलियत आम आदमी जान चुका है। झूठे वायदे कर सत्ता में आने वाली भाजपा सरकार अबकी चुनाव में मात खाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मिशन 2019 के लिए जुट जाएं। आने वाला समय कांग्रेस का है। रावत के यहां पहुंचने पर उनका स्वागत करने वालों में फरमान मलिक, प्रधान नासिर अली, चौधरी मनोज, अब्दुल हसीब, अरविंद कांबोज, राव युसुफ, मेहंदी हसन, मोहम्मद नौशाद, मोहम्मद इरफान, सुबोध कुमार, आकाश गुप्ता, आमिर अली, राव मुकर्रम आदि शामिल रहे।