कर्मचारियों को जाति-धर्म के आधार पर बांटने का आरोप
सहारनपुर। रेलवे की इंजीनियरिंग स्टाफ की बैठक में आरोप लगाया कि उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन राजनीतिक लाभ के लिए कर्मचारियों को जाति धर्म के नाम पर बांटने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी इस साजिश को कामयाब नहीं होने देंगे।
सोमवार को रेलवे स्टेशन गेट पर आयोजित बैठक में जितेंद्र कुमार ने कहा कि एक लोको निरीक्षक के साथ करीब डेढ़ माह पूर्व हुए मारपीट के प्रकरण में ट्रैक मैन को फंसाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग कर्मचारियों को जात पात और धर्म के नाम पर बांटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी किसी बात का विरोध करता है तो उसे मारपीट का गलत आरोप लगाकर विशेष कानून के तहत जेल भिजवाने की कोशिश की जाती है। अनुज तोमर ने कहा कि इंजीनियरिंग विभाग का किसी भी झगडे़ से कोई संबंध नहीं है। ट्रैक मैन अनुज ने कहा कि यह यूनियन छोटी-छोटी समस्याओं को हवा देकर बड़ा बनाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि यह रवैया जारी रहा तो तमाम इंजीनियरिंग स्टाफ आने वाले चुनावों का बहिष्कार करेंगे। अनुज तोमर, जितेंद्र कुमार, विनोद कुमार, अनुज कुमार, दिलशाद अहमद, राजीव, महेश आदि रहे।