बेहट (सहारनपुर)। डीएम एवं सीएमओ के निर्देश पर एसडीएम एवं सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बुधवार की शाम कस्बे में खुले कई प्राइवेट अस्पतालों में छापेमारी की। इस दौरान चिकित्सक मौके से नदारद पाए गये। जांच में अस्पतालों एवं क्लीनिकों में भारी खामियां पाई गई। जांच के दौरान हड़कंप मचा रहा।
एसडीएम वैभव शर्मा एवं डा. नितिन कुमार ने कस्बे में पहुंचकर कई प्राइवेट अस्पतालों पर छापा मारा। छापे के दौरान सहारनपुर मेडिकेयर डायग्नोस्टिक सेंटर में कोई चिकित्सक उपस्थित नहीं मिले। यहां एक्सरे के लिए डार्क रूम नहीं बनाया गया। शिफा क्लीनिक में भी एक्सरे मशीन के लिए डार्क रूम नहीं बनाया गया। यहां रजिस्ट्रेशन में डा. रवि बर्मन का नाम काटकर डा. रियाज अहमद अंकित होना पाया गया। मदर एवं चाइल्ड हास्पिटल पर भी चिकित्सक उपस्थित नहीं मिलीं, जबकि मदीना क्लीनिक में डा. जुबैर अहमद अपना नवीनीकरण नहीं दिखा पाए। इसके अलावा मैक्स पैथोलोजी पर एक 12वीं पास लड़का मौजूद मिला। जो संबंधित अभिलेख नहीं दिखा पाया। एसडीएम ने बताया कि जांच में ज्यादातर लाइसेंस दूसरों के नाम पर पाए गये। उन्होंने बताया कि निरीक्षण की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है।