सहारनपुर। मंडलायुक्त चंद्र प्रकाश त्रिपाठी ने अधिकारियों को गेहूं क्रय केन्द्रों को हर स्थिति में एक अप्रैल से सक्रिय करने के निर्देश दिए है। लक्ष्य के अनुरूप खरीद ना करने वाली एजेंसियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। क्रय केन्द्रों पर किसानों को मिलने वाली सुविधाओं में भी किसी प्रकार की कटौती सहन नहीं होगी। गेहूं क्रय केन्द्रों की दीवारों पर केन्द्र प्रभारी का नाम व मोबाइल नंबर के साथ ही समर्थन मूल्य भी लिखा जाए। उन्होंने बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों का जवाब तलब करने को कहा।
कमिश्नर त्रिपाठी ने शुक्रवार को सर्किट हाउस सभागार में गेहूं क्रय केन्द्रों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गेहूं क्रय करना शासन की प्राथमिकता है। किसानों को क्रय केन्द्र पर समुचित सम्मान मिले और किसी प्रकार का उत्पीड़न ना किया जाए। बिचौलियों पर पैनी नजर रखकर दोषियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अपराध पंजीकृत कराया जाए। उन्होंने कहा कि दो अप्रैल को मंडल के समस्त गेहूूं क्रय केन्द्रों के प्रभारियों की सूची उन्हें उपलब्ध कराएं। मंडलायुक्त ने कहा कि जिन क्रय एजेंसियों के गेहूं क्रय केन्द्र स्थापित नहीं हुए तो संबंधित पर कार्रवाई होगी। उन्होंने बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए अपर आयुक्त को अनुपस्थित अधिकारियों एवं बैठक में अपने अधीनस्थों को भेजने वाले अधिकारियों का स्पष्टीकरण लेने के भी निर्देश दिया। बैठक में अपर आयुक्त उदयी राम, आरएफसी संयुक्त निदेशक कृषि आरएस राम सहित सभी क्रय एजेंसियों के अधिकारी तथा डिप्टी आरएमओ उपस्थित थे।