भाजपाइयों ने शहीद सिपाही को दी श्रद्धांजलि
देवबंद (सहारनपुर)। शामली में एक लाख के इनामी बदमाश साबिर जंधेड़ी के साथ मुठभेड़ में शहीद सिपाही अंकित तोमर को भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि सिपाही अंकित तोमर ने वीरता का परिचय दिया है। ऐसे जांबाज सिपाही पर सबको नाज है।
शुक्रवार को शिक्षक नगर में हुई बैठक में भाजपा जिला पंचायत सदस्य शशी त्यागी ने कहा कि योगी सरकार में ज्यादातर बदमाश या तो मारे जा चुके हैं या फिर भूमिगत हो गए हैं। इतना ही नहीं अपराधियों को संरक्षण देने वाले अपनी जान बचाने की सोच रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में फर्जी विधवा पेंशन, फर्जी राशन कार्ड बनाकर सरकारी खजाने को लूटा गया। लेकिन प्रदेश में अब सबका साथ सबका विकास की तर्ज पर सबका भला करने का काम योगी सरकार कर रही है। आने वाले समय में यूपी अपराध मुक्त प्रदेश हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि जो अधिकारी सपा मानसिकता के हैं वे या तो अपनी सोच बदलें या परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें। अध्यक्षता राजकुमार शर्मा और संचालन अर्जुन सिंघल ने किया। इस मौके पर डा. चंदन सिंह राणा, बिट्टू चौधरी, अजय तंवर, प्रभात राणा, सुधा शर्मा, उमा चौधरी, दीपमाला शर्मा, सत्या शर्मा, युवराज त्यागी, राजबीर सिंह, शिवकुमार सिंह आदि मौजूद रहे।