समर्थकों के साथ दिनभर वोटों की गुणा-भाग में मशगूल रहे प्रत्याशी
देवबंद (सहारनपुर)। मतपेटियों में कैद प्रत्याशियों का भाग्य शुक्रवार को सामने होगा। प्रशासन ने मतगणना की समस्त तैयारी मुकम्मल करा ली है। चेयरमैन के लिए 13 और सभासद पद के लिए 185 प्रत्याशी मैदान में हैं। तहसीलदार परमानंद झा ने बताया कि मतगणना सुबह आठ बजे से राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में होगी। इसके लिए 31 टेबिल लगाए गए हैं। इनमें 21 टेबिल पर चेयरमैन और 10 टेबिलों पर सभासद पदों के मतपत्रों की गिनती की जाएगी। प्रत्येक टेबिल पर चार कर्मचारी तैनात रहेंगे।
बता दें कि बुधवार को देवबंद में छिटपुट घटनाओं के बीच 60.88 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इसके बाद प्रशासन ने बैलेट बॉक्स को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में बने स्ट्रांग रूम में रखवा दिया था। उधर, पिछले करीब एक पखवाड़े से नगर की गलियों की खाक छान रहे प्रत्याशियों ने चुनाव संपन्न होने के बाद बृहस्पतिवार को अपने चुनाव कार्यालयों में समर्थकों के साथ बैठक की।
वे यह समीक्षा करने में जुटे रहे कि उन्हें कहां और किस बिरादरी का वोट मिला। उधर, सीओ सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि मतगणना स्थल के बाहर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। खुराफाती तत्वों पर ड्रोन कैमरे से भी निगाह रखी जाएगी।