सहारनपुर। किसान एवं खेत मजदूर कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश पाल ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र भेजकर मेयर पद के कांग्रेसी प्रत्याशी शशी वालिया के कई चुनाव एजेंट नहीं बनाने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि कई वार्डों में पार्षद प्रत्याशियों के चुनाव एजेंट भी नहीं बनाए गए।
बृहस्पतिवार को भेजे गए शिकायती पत्र में राजेश पाल ने आरोप लगाया कि वार्ड संख्या-50 के पीठासीन अधिकारी ने नालंदा एकेडमी के पोलिंग बूथ पर कांग्रेस के मेयर पद के प्रत्याशी शशी वालिया और पार्षद प्रत्याशी सचिन तनेजा के अभिकर्ताओं के परिचय पत्र जारी नहीं किए और उन्हें पोलिंग बूथ में प्रवेश नहीं होने दिया गया। इसी प्रकार वार्ड संख्या-09 सांवलपुर नवादा के प्राइमरी विद्यालय के बूथ संख्या 71,72 पर भी कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी और पार्षद प्रत्याशी निशा रानी के अभिकर्ताओं के परिचय पत्र भी जारी नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि इसका सबूत ईवीएम की सील पर कांग्रेस प्रत्याशियों के एजेंटों के हस्ताक्षर नहीं होना है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वार्ड संख्या-09 के ग्वालिरा के प्राथमिक विद्यालय में भी कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी और पार्षद प्रत्याशी के अभिकर्ताओं को खदेड़ दिया गया था। उन्होंने मतदाता सूची ने वोट कटने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।