कार्यालय खोलने की अनुमति मांगने पहुंचा प्रत्याशी जेल भेजा
देवबंद (सहारनपुर)। चुनाव कार्यालय खोलने के लिए कोतवाली में अनुमति लेने पहुंचे गैंगस्टर एक्ट में निरुद्ध एक सभासद पद के प्रत्याशी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
नगर निकाय चुनाव में मोहल्ला किला वार्ड नंबर 19 से सभासद पद का चुनाव लड़ रहा निर्दलीय प्रत्याशी इस्लाम उर्फ बबलू सोमवार की देर शाम कार्यालय खोलने के लिए कोतवाली में अनुमति लेने के लिए पहुंचा था। जब वह एसआई के पास पहुंचा और अपना नाम बताया तो एसआई को याद आया कि बबलू गैंगस्टर एक्ट में निरुद्ध है और उसकी गिरफ्तारी का वारंट भी जारी है। उसने तुरंत उसे कोतवाली में बैठा लिया। मंगलवार को पुलिस ने उसे जेेल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक बबलू पर कई आपराधिक मामले हैं। इसके चलते उसे गैंगस्टर में निरुद्ध किया गया है जबकि आरोपी का कहना है कि पुलिस ने उसे गलत फंसाया है। वह तो चुनाव कार्यालय की अनुमति के लिए कोतवाली गया था।
अपहरण के मामले में फरार दो आरोपियों समेत तीन गिरफ्तार
देवबंद। कोतवाली पुलिस ने अपहरण के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों समेत तीन को गिरफ्तार किया है। इबादुल्लापुर गांव निवासी नौशाद और ताहिर युवती के अपहरण करने के मामले में फरार चल रहे थे। दोनों के खिलाफ कोतवाली में युवती के पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई हुई है। पुलिस ने इन्हें मंगलौर रोड बस स्टेंड से गिरफ्तार किया है। वहीं, जडौदा जट्ट गांव निवासी बिरमू को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस के मुताबिक बिरमु अपने भाई के साथ झगड़ा कर शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास कर रहा था।