हिंदू जागरण मंच ने फूंका भंसाली का पुतला
छुटमलपुर। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने फिल्म पदमावती में सती हुई महारानी के चरित्र के साथ खिलवाड़ करने का आरोप निर्देशक संजय लीला भंसाली पर लगाते हुए शनिवार को नारेबाजी कर उनका पुतला फूंका। साथ ही चेताया कि वे किसी भी सूरत में सहारनपुर के सिनेमाघरों में पदमावती को चलने नहीं देंगे। उधर, हिंदू युवा वाहिनी ने भी फिल्म का पुरजोर विरोध करते हुए इसके प्रदर्शन पर रोक की मांग की है।
छुटमलपुर के मनकामेश्वर शिव मंदिर में कार्यकर्ताओं की सभा में हिंदू जागरण मंच के महानगर अध्यक्ष सूर्यकांत सिंह ने कहा कि फिल्म के ट्रेलर में जिस प्रकार महारानी पदमिनी देवी को दिखाया गया है, वह हिंदू समाज की आस्था पर घोर कुठाराघात है। इसे समाज किसी भी सूरत में बरदाश्त नहीं करेगा। उन्होंने एसओ फतेहपुर भानू प्रताप के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजे ज्ञापन में संजय लीला भंसाली पर देशद्रोह का मुकदमा चलाने की मांग की। इसके बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए सड़क पर पहुंचे जहां उन्होंने अपने साथ लाए भंसाली के पुतले को आग के हवाले कर दिया। इस मौके पर रोहित राणा, दिपांशु कश्यप, मनीष राणा, प्रिंस कश्यप, मोहित राणा, कन्हैया शर्मा, अमित सैनी, अनुज चौधरी, जसबीर राणा, शुभम सैनी, मोहित कश्यप आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गांव रामखेड़ी में भी हिंदू युवा वाहिनी के प्रदेश उपाध्यक्ष योगेंद्र सिंह राणा ने कहा कि फिल्म में ऐतिहासिक तथ्यों से छेड़छाड़ की गई है। उन्होंने फिल्म के प्रसारण पर रोक की मांग की। बैठक में जिला प्रभारी मानवेंद्र चौहान, कर्मजीत सिंह, ब्लाक अध्यक्ष केतन सिंह राणा, संदीप ठाकुर, लिल्लु राणा, रंजीत सैनी, अजय राणा, अमित राणा, जितेंद्र राणा, जिला संयोजक नागेंद्र बालियान, हेमंत आदि मौजूद रहे।