देवबंद (सहारनपुर)। मायावती सरकार में बेची गई प्रदेश की 21 चीनी मिलों की खरीद फरोख्त पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा रोक लगाए जाने के आदेश का किसानों ने स्वागत किया है।
सोमवार को कुरड़ी गांव में भारतीय किसान संघ की बैठक में प्रदेश संयोजक श्यामवीर त्यागी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने जिन चीनी मिलों की खरीद फरोख्त पर रोक लगाई है सरकार उन्हें चलवाने का काम करे ताकि किसानों को कोई भी परेशानी न उठानी पड़े। प्रांतीय महामंत्री हरवीर सिंह ने सरकार से आगामी सीजन का गन्ना मूल्य 350 रुपये कुंतल घोषित करने की मांग की है। इसके अलावा शीघ्र ही धान खरीद केंद्रों को खुलवाकर वहां पर खरीद की व्यवस्था मुकम्मल कराए, क्योंकि धान की कटाई आरंभ होने वाली है। जिला मंत्री विक्रम सिंह पुंडीर ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल जल्द डीएम से मिलेगा। उन्होंने सरकार से किसानों को उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य दिलाने की मांग की। अध्यक्षता खचेड़ू सिंह व संचालन धर्मेंद्र सिंह ने किया। बैठक में राकेश त्यागी, जगदेश कश्यप, अमरनाथ धीमान आदि किसान मौजूद रहे।