घुड़चढ़ी में नाग के साथ युवक नाचा, डसने पर मौत
नानौता (सहारनपुर)। डीजे की धुन पर नगीना फिल्म का गाना बजने के दौरान निकले एक नाग से खेलना युवक को भारी पड़ गया। उसे इसका खामियाजा अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। नाग के डंसने पर युवक की मौत के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गई। परिवार में कोहराम मचा है।
नानौता क्षेत्र के गांव खुड़ाना में बलजौर सिंह के बेटे की सुधीर की घुड़चढ़ी रात करीब एक बजे गांव में ही निकल रही थी। इस दौरान सभी लोग डीजे की धुन पर थिरक रहे थे। अचानक दूल्हे के दोस्तों ने नगीना फिल्म का गाना ‘मैं तेरी दुश्मन- दुश्मन तू मेरा’ वाला गाना डीजे पर चालू करा दिया। बताया जाता है कि जब इस गाने में बीन वाली धुन बज रही थी तो अचानक सड़क के बराबर खेत से एक नाग निकल आया और फन फैलाकर वहीं बैठ गया। इसे देख लोगों में खलबली मच गई। मगर नाच रहे 21 वर्षीय युवक जोगेंद्र पुत्र ब्रहम सिंह ने नाग को पकड़ते हुए गले में डाल लिया।
ग्रामीणों के मुताबिक एक बार नाग छूटकर और ागने लगा। लेकिन युवक ने फिर से उसे पकड़ कर गले में डाल लिया। लोगों ने काफी मना भी किया लेकिन युवक नहीं माना। तीसरी बार फिर से युवक ने नाग को गले में लिपटा लिया। इस बार नाग युवक को चार जगह पर डंसते लिया और वहां से चला गया। नाग के काटने से युवक बेहोश होने लगा तो आनन फानन में वहां मौजूद लोगों द्वारा उसे गांव में ही कुछ दवाएं दीं। हालत बिगड़ने पर उसे नानौता स्थित एक जगह पर भी दवाई पिलवाने के लिए लाया गया। लेकिन युवक की सुबह पांच बजे मौत हो गई। इसके बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गई। पूरे परिवार में कोहराम मच गया। दुपहर बाद गमगीन माहौल में युवक का अंतिम संस्कार दिया गया।