सहारनपुर। ट्रेडिंग में हर माह पांच प्रतिशत मुनाफा और मूलधन पूरी तरह सुरक्षित रहने का लालच देकर 18 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। इस मामले में एसएसपी के आदेश पर थाना जनकपुरी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
जनकपुरी क्षेत्र निवासी गौरव शर्मा, मुकुल शर्मा, आकाश जैन और नदीम सैफी ने तहरीर देकर बताया कि देहरादून चौक पर पहले बरकत राज ट्रेडिंग नाम से फर्म संचालित करने वाले मेहूल गुप्ता ने ट्रेडिंग में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। आरोप है कि भरोसा दिलाया कि निवेश पर हर माह पांच प्रतिशत लाभ मिलेगा। बाजार में नुकसान हुआ तो उसकी भरपाई वह स्वयं करेगा, जबकि निवेशकों का मूलधन पूरी तरह सुरक्षित रहेगा। इसके बाद युवकों ने 18 लाख रुपये विपक्षी की फर्म में निवेश किए। आरोप है कि शुरुआती दो-तीन माह तक लाभ की राशि दी गई, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया गया। आकाश जैन ने सात लाख, नदीम सैफी ने पांच लाख, मुकुल शर्मा ने साढ़े चार लाख और गौरव शर्मा ने डेढ़ लाख रुपये निवेश किए थे। सीओ द्वितीय मनोज कुमार यादव का कहना है कि मामले में मेहूल गुप्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।