सहारनपुर। पीओके में वायुसेना की तरफ से की गई बमबारी के बाद सेना ने देशभर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है जिसमें जिले में भी पुलिस भी अलर्ट कर दी गई। डीजीपी के निर्देश पर सहारनपुर जिले में पुलिस अधिकारियों ने विशेष चौकसी बरतने का निर्देश दिया, जिसके चलते प्रत्येक थाने पर डेढ़-डेढ़ सेक्शन पीएसी भेज दी गई।
इसके अलावा शहर में प्रमुख स्थानों पर पीएसी और पुलिस की तैनाती की गई है, जिसमें घंटाघर चौराहे पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मंगलवार सुबह जब अधिकारियों को पीओके में वायुसेना द्वारा बमबारी की जानकारी मिली और सेना ने हाई अलर्ट घोषित किया तो उसके बाद ही लखनऊ से पुलिस के आला अफसरों ने सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए थे।
एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि शहर के घंटाघर, रेलवे स्टेशन-बस अड्डा, देहरादून चौक, एसडीबीडी जिला अस्पताल चौराहा सहित कई स्थानों पर पुलिस और पीएसी के जवानों की ड्यूटी भ्रमण के लिए लगा दी गई है। सभी थानाध्यक्षों को अपने क्षेत्र मेें भ्रमणशील रहने को कहा गया है। हर छोटी घटना की सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंचेगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रमुख स्थान और चौराहों के साथ ही प्रमुख बाजारों में भी सतर्कता बरती जा रही है।
इसके अलावा खुफिया विभाग की टीम भी मंगलवार को रेलवे स्टेशन, बस अड्डा और धार्मिक स्थलों के आसपास स्थिति का जायजा लेने में लगी रहीं।