बिजली आपूर्ति का शेड्यूल बदलने का विरोध किया
देवबंद (सहारनपुर)। विद्युत निगम की ओर से शहर में बिजली आपूर्ति का शेड्यूल बदलने पर देवबंद सिटीजन क्लब सहित कुछ अन्य संगठनों ने विरोध जताया है। इन संस्थाओं से जुड़े लोगों का कहना है कि सुबह पांच से शाम सात बजे तक विद्युत कटौती नहीं की जानी चाहिए।
रविवार को मोहल्ला नेचलगढ़ स्थित कार्यालय पर हुई देवबंद सिटीजन क्लब की बैठक में संयोजक डा. अशोक चौधरी ने कहा कि विद्युत निगम की ओर से सुबह चार से आठ बजे तक विद्युत कटौती करने का जो शेड्यूल बनाया गया है, वह गलत है। उन्होंने कहा कि सुबह के समय लोगों का नहाने, पूजा पाठ करने और बच्चों की पढाई का समय होता है। ऐसे में बिजली न आने से पानी की समस्या खड़ी हो जाएगी और बच्चें भी पढाई नहंीं कर सकेंगे। अध्यक्ष भूदत्त शर्मा और महामंत्री अब्दुल हादी खां ने कहा कि सुबह पांच से शाम सात बजे तक विद्युत आपूर्ति सुचारु रुप से होनी चाहिए। इस समय विद्युत कटौती होने से दिनचर्या प्रभावित होगी और लोगों को परेशानी उठानी पड़ेगी।
मौके पर डा. नेत्रपाल गहलोत, इंद्रपाल सिंह सेठी, सेठ कुलदीप कुमार, प्रदीप बंसल, धर्मपाल महाजन, डा. कुलदीप, मोहम्मद राशिद, अनिल धीमान आदि मौजूद रहे। वहीं, श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष पंडित सतेंद्र शर्मा, सामाजिक संस्था नजर के अध्यक्ष नजम उस्मानी, उत्तर प्रदेश नागरिक एकता मंच के अध्यक्ष फैसल नूर, राष्ट्रीय नागरिक मिशन के अध्यक्ष विनय त्यागी, उपाध्यक्ष डा. मुजम्मिल आदि ने भी विद्युत निगम द्वारा आपूर्ति के बदले गए समय को अनुचित बताया और जनहित में इसे दुरुस्त करने की मांग की।