सहारनपुर। सपा के कद्दावर नेता आजम खान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तो अपनों को ही बर्बाद कर दिया है। नोटबंदी और जीएसटी से मोदी सरकार ने हिंदुओं के व्यापार पर चोट पहुंचाई है। मुसलमान के पास न ही पैसा है और न ही कारोबार। इसलिए उन्हें नोटबंदी और जीएसटी से कोई फर्क नहीं पड़ा।
चकराता मार्ग स्थित सपा नेता सरफराज खान के आवास पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए आजम खान ने मोदी और योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। आजम खान ने कहा कि असम के एनआरसी मामले में जिन 40 लाख लोगों को भारत का नागरिक नहीं बताया जा रहा है, उनमें बीस लाख हिंदू हैं। मुसलमानों के साथ सरकार कोई रियायत न करें, लेकिन हिंदुओं पर अत्याचार तो बंद करे। प्रधानमंत्री ने केंद्र में सरकार बनने से पूर्व हर वर्ष दो करोड़ युवाओं को नौकरी देने का वादा किया था। सरकार का चार साल का कार्यकाल पूरा हो गया। इस हिसाब से अब तक आठ करोड़ युवाओं को नौकरी मिल जानी चाहिए थी। वह सरकार को सलाह देते हैं कि चार करोड़ बेरोजगारों को ही नौकरी दें दे। इससे जनता में भाजपा सरकार के प्रति अच्छा संदेश जाएगा और बाकी बची नौकरियां अगली सरकार में दे दें। उन्होंने सपा सरकार में जल निगम में कई हजार युवाओं को नौकरी दी थी, लेकिन भाजपा सरकार उनकी नियुक्ति को गलत ठहरा रही है। कोर्ट के आदेशों की भी अवहेलना की जा रही है। एक सवाल के जवाब में कहा कि प्रदेश में रामराज नहीं हो सकता। गऊ माता आज भी सड़कों पर पॉलिथीन खा रही है और कुत्ते बेडरूम में आराम कर रहे हैं। अयोध्या के राम मंदिर मामले में कहा कि सरकार वहां मंदिर बनाए, अब कौन रोक रहा है। सरकार को अगर मुसलमानों से परहेज है तो इनका वोट देने का अधिकार ही खत्म कर दें। हमारे साथ जितना बुरा वर्तमान सरकार में किया जा रहा है, इतना आजादी के बाद से लेकर आज तक कभी नहीं हुआ। सरफराज खान, शाहनवाज खान आदि मौजूद रहे। इसके पश्चात आजम खान पूर्व विधायक स्व. बिमला राकेश के घर भी गए।