सहारनपुर। स्वच्छता सर्वेक्षण और स्वच्छ भारत मिशन के तहत जनपद को दस अगस्त तक ओडीएफ घोषित किए जाने को लेकर विभागों में टेंशन है। मिशन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण पर रोक लगा दी गई है।
केंद्र सरकार की टीम एक अगस्त से स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए जनपद में आएगी, जो 30 अगस्त तक ग्राम पंचायतों का निरीक्षण करेगी और स्वच्छता को लेकर हुए कार्यों को देखेगी। इसके साथ ही प्रशासन ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत जनपद को 10 अगस्त तक खले में शौच से मुक्त (ओडीएफ) घोषित करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए युद्ध स्तर पर शेष रह गए करीब 35 हजार शौचालयों का निर्माण चल रहा है। मंडलायुक्त सीपी त्रिपाठी ने स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण पर रोक लगा दी है, जिन कर्मचारियों को स्थानांतरण हो चुका है, उनको रिलीव न करने के आदेश दिए है। स्वच्छ डीएम आलोक कुमार पांडेय ने भी कहा है कि एक सप्ताह में 300 ग्राम पंचायतों का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बुधवार को निर्देश दिए कि लापरवाही किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंडलायुक्त ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन शासन की प्राथमिकता है। जनपद को निर्धारित लक्ष्य में ओडीएफ कराया जाएगा। लक्ष्य पूरा न होने तक अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण पर रोक है।