बिजली समस्या को लेकर अधिकारियों पर भड़के लोग
देवबंद (सहारनपुर)। बिजली की समस्या को लेकर बुधवार को शिक्षक नगर, विवेक विहार और वेद विहार कालोनी के लोगों ने विद्युत अधिकारियों का घेराव कर उन्हें जमकर खरी खोटी सुनाई। लोगों के आक्रोश को देखते हुए अधिकारियों ने समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिलाया।
भाजपा की जिपं सदस्य शशी त्यागी और डा. चंदन सिंह राणा के नेतृत्व में शिक्षक नगर, विवेक विहार व वेद विहार कालोनी के सैकड़ों लोगों ने विद्युत निगम के एक्सईएन अनिल कुमार गर्ग व एसडीओ अमित त्यागी का घेराव किया। लोगों ने कहा कि तीनों जगह न विद्युत खंभों की व्यवस्था है और न ही ट्रांसफार्मर की। बिजली सप्लाई भी सुचारु ढंग से नहीं हो रही है। लगभग 300-400 मीटर लंबे केबिल डालकर लोगों ने बिजली ले रखी है। जो दुघर्टना को बुलावा दे रही है। जिन लोगों ने नए मकान बनाए हैं, उनको नए कनेक्शन भी नहीं दिए जा रहे हैं। विभाग यह कहकर पीछा छुड़ा रहा है कि कालोनी स्वीकृत नहीं है। जबकि पालिकाध्यक्ष उक्त कालोनियों को नगरपालिका में स्वीकृत होना बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्युत निगम के इस रवैये से जनमानस में रोष पनप रहा है। लोगों ने अधिकारियों से दो टूक कहा कि यदि सात दिन के भीतर समस्या का समाधान नहीं होता है तो बिजलीघर पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों में बिट्टू चौधरी, आदेश त्यागी, डा. राजू त्यागी, नीटू रोड, बिजेंद्र वर्मा, विपिन गर्ग, नवनीत चौधरी, बब्बू त्यागी, युवराज त्यागी, शिखर गर्ग, संजय सिंह आदि रहे।