बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। ड्रग्स इंस्पेक्टर सहारनपुर ने बिहारीगढ़ कस्बे की दवा की दुकानों पर छापेमारी करते हुए दो जगह से चार दवाओं के नमूने लिए। इस दौरान छापेमारी की भनक मिलने दवा संचालक अपनी दुकानें बंद कर भाग गए। ड्रग्स इंस्पेक्टर सहारनपुर आरसी यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि बिहारीगढ़ निवासी रविंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री कार्यालय लखनऊ को आनलाइन शिकायत भेज कर अवगत कराया कि बिहारीगढ़ कस्बे में कोई सरकारी अथवा गैर सरकारी अस्पताल नहीं है। ऐसा कोई डिग्रीधारी डाक्टर भी नहीं जो मेडिकल स्टोर से दवा खरीदने के लिए पर्चा लिखता हो, लेकिन संबंधित विभाग ने कस्बे में लगभग पचास मेडिकल स्टोर खुलवा रखे हैं जहां प्रतिबंधित दवाएं सीधे ग्राहकों को बिना पर्चे के ही बेची जा रही है। इसकी आड़ में मेडिकल स्टोर संचालक नशीली दवाएं व इंजेक्शन भी बेच रहे हैं।
ड्रग्स इंस्पेक्टर ने बताया कि इसी के मद्देनजर वह छापेमारी के लिए पहुंचे। उन्होंने बताया कि उन्होंने गुप्ता मेडिकल स्टोर बुग्गावाला रोड व रूपेश मेडिकल स्टोर से चार दवाओं के सैंपल लिए हैं जिनकी जांच कराई जाएगी। छापे के दौरान दवा व्यापारियों में हड़कंप मचा रहा।