देवबंद (सहारनपुर)। देवबंद मंगलौर मार्ग पर बाइक फिसल जाने के कारण कारपेंटर गंभीर रुप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से उसे मेरठ अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जहां जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। अचानक हुई मौत से परिजनों में मातम पसर गया।
नगर के मोहल्ला पठानपुरा (दगड़ा) निवासी भूरा के पुत्र जावेद (30) का देवबंद मंगलौर रोड पर स्थित फर्नीचर शोरुम पर काम करता है। शुक्रवार की दोपहर करीब 2.30 बजे वह बाइक पर सवार होकर शोरुम जा रहा था। जब वह खुराना हॉस्पिटल के सामने पहुंचा तो अचानक उसकी बाइक फिसल गई। जिसमें वह गंभीर रुप से घायल हो गया। राहगीरों से जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत के चलते उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे पहले मुजफ्फरनगर और वहां से मेरठ ले जा रहे थे कि रास्ते में जावेद की मौत हो गई। जैसे ही जावेद की मौत की खबर उसके घर पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया। देर शाम परिजनों ने जावेद को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।