निगम कॉलोनी निवासी एक सेवानिवृत्त कर्मचारी ने चीनी मिल अधिकारी पर मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर उसे न्याय दिलवाने व आरोपी अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
सोमवार की सुबह निगम कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त कर्मचारी बाबूराम पुत्र बारूसिंह ने बताया कि उसकी सेवानिवृत्ति 31 अक्टूबर वर्ष 2017 में रसायन मजदूर के पद से हुई थी। जिसके करीब 10 दिन बाद चीनी मिल के एक बडे़ अधिकारी ने उसे अपने कोठी पर बुलवाकर चीनी मिल पर उसका बकाया पैसा दिलवाने की बात कही थी। उसने कहा कि उक्त अधिकारी ने उसे खाली देखकर अपने आवास की साफ-सफाई आदि का कार्य भी उसे दिया था। जिसके बदले में उसे 200 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से 6 हजार रुपये प्रतिमाह तनख्वाह देने की बात हुई थी। उसने बताया के बीच बीच में जब भी उसे जरूरत होती थी तो उक्त अधिकारी उसे कभी कभार कुछ रुपये दे देता था। करीब 6 माह से उसकी रुकी तनख्वाह को लेने के लिए रविवार की सुबह वह अधिकारी की कोठी पर गया था। जहां अधिकारी द्वारा शाम को हिसाब किए जाने की बात कहे जाने पर वह वापस आ गया था। उसने बताया कि शाम को जब वह अपने काम के पैसे मांगने के लिए अधिकारी की कोठी पर गया तो उक्त अधिकारी ने उसे गालियां देकर मारपीट की व धमकी देकर कहा कि यदि जान प्यारी है तो दोबारा यहां दिखाई मत देना। पीड़ित ने बताया कि उक्त घटना के बाद से वह ओर उसका परिवार डरा सहमा हुआ है। पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर आरोपी अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उसे न्याय दिलवाने की मांग की है।