चार होनहारों का स्पोर्ट्स कालेजों में चयन
नकुड़। लखनऊ और गोरखपुर के स्पोर्ट्स कालेज के शैक्षिक सत्र 2018-19 के लिए ग्रामीण क्षेत्र के चार होनहारों ने खेल जिमभनास्टिक एवं एथलेटिक्स की मुख्य परीक्षा पास कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। पूरे जनपद से चयनित कुल पांच बच्चों में से चार का चयन नकुड़ ग्रामीण क्षेत्र से होने पर क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त किया है।
गांव साल्हापुर स्थित स्पोर्ट्स प्रशिक्षण केंद्र रामधन क्लब के कोच नीरज राठी ने बताया कि गत माह 12-13 मार्च को गुरू गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कालेज, लखनऊ एवं वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कालेज गोरखपुर की ओर से आयोजित खेल जिम्रास्टिक एवं एथलेटिक्स में प्रवेश के लिए मुख्य चयन परीक्षा हुई। इसमें जनपद के काफी छात्रों ने भाग लिया था। इनमें से प्रियांशु राठी पुत्र हरवीर सिंह, शक्ति पुत्र लहणा सिंह निवासी गांव साल्हापुर और भावना पुत्री संदीप कुमार निवासी गांव छापर का वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कालेज गोरखपुर द्वारा जिमभननास्टिक के लिए चयन हुआ है। साल्हापुर के ही विशु राठी पुत्र सत्यवीर सिंह ने एथलेटिक्स में गुरू गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कालेज, लखनऊ की मुख्य चयन परीक्षा पास की है। उन्होंने बताया कि जनपद के चयनित हुए कुल पांच खिलाड़ियों में से चार नकुड़ देहात क्षेत्र से हैं जो रामधन क्लब साल्हापुर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे। चयनित छात्रों की सफलता पर रामधन क्लब के कोच नीरज राठी, भाजपा नेता पवन सिंह राठौर, राजेश शर्मा, पीयूष जैन, शिवकुमार गुप्ता, मनोज गोयल, मांगेराम आदि ने हर्ष व्यक्त किया है।