पेड़ पर लटका मिला युवक का शव
तितावी। गांव पिपलशाह के युवक का शव जंगल में पेड़ पर लटका मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों ने बिना कानूनी कार्रवाई के उसका अंतिम संस्कार कर दिया। बताया गया है कि गृह कलह में युवक ने फांसी लगा कर जान दी है। गांव पिपहशाह निवासी राहुल (25) पुत्र रोहताश रविवार सुबह अपने खेतों पर गया था। दोपहर तक उसके घर नहीं आने पर परिजन खेतों में गए, तो वहां खेत में एक पेड़ पर उसका फांसी पर लटका शव मिला। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। एसओ तितावी सूबे सिंह ने ऐसी कोई जानकारी होने से इंकार किया है।
किशोर से दुष्कर्म का मामला दर्ज
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने मनोरोगी किशोरी से हुए दुष्कर्म की घटना में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी साकिब को गिरफ्तार कर लिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के सिटी से सटे एक गांव में शनिवार शाम को आरोपी ने पड़ोसी ग्रामीण की मनोरोगी नाबालिग बेटी को अपने यहां ले जाकर दुष्कर्म किया था। मामला दो संप्रदाय की होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने पीड़िता के पिता की ओर से आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शहर इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसे सोमवार को जेल भेजा जाएगा। पीड़िता को डॉक्टरी के लिए भेजा गया है।
पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी
मुजफ्फरनगर। सिविल लाईन पुलिस ने शाकुंतलम पैलेस के पास एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने बताया की पकड़ा गया युवक शादी समारोह में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, जिसके पास से चोरी का एक मोबाइल भी बरामद हुआ। उसने अपना नाम फिरोज पुत्र अनीस निवासी लद्दावाला बताया है। उसने एक मोबाइल गत माह गुलशन पैलेस से एक महिला से शादी समारोह के दौरान छीना था।
शराब तस्कर पकड़े
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली के उप निरीक्षक सतेंद्र नागर ने एक सूचना के आधार पर चिरागिया मदरसे के पास से शान मोहम्मद पुत्र सरफराज निवासी जहांगीर पट्टी को 20 पव्वे देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि उप निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सोलंकी ने शाहबुद्दीनपुर रोड से तसलीम उर्फ तोता पुत्र मुस्तकीम निवासी शेरपुर को पांच लीटर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा है।