देवबंद (सहारनपुर)। कोतवाल पंकज कुमार त्यागी ने उपनिरीक्षकों व पुलिसकर्मियों की बैठक लेते हुए उन्हें जनता के साथ अच्छा व्यवहार करने तथा सभी के सुख दुख में सहयोग करने का पाठ पढ़ाया।
बुधवार को रेलवे रोड पुलिस चौकी पर हुई बैठक में समस्त चौकी प्रभारियों और सिपाहियों ने भाग लिया। इस दौरान कोतवाल पंकज त्यागी ने कहा कि भयमुक्त समाज की स्थापना के उद्देश्य से पुलिस कार्य कर रही है। इसलिए पुलिस को चाहिए कि वह जनता के साथ अच्छा व्यवहार करे और उनके सुख दुख में सहयोग करें तभी जनता भी पुलिस का सहयोग करने के लिए आगे आएगी। इसके साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने कार्य पर ध्यान देने तथा अपराधियों पर नजर बनाकर रखने को कहा। त्यागी ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर एसएसआई देवेंद्र सिंह, एसआई नेमपाल सिंह, संदीव यादव, प्रदीप कुमार आदि मौजूद रहे।