नकुड़ (सहारनपुर)। शटडाउन के बावजूद अचानक बिजली लाइन चालू होने से पोल पर चढ़कर काम कर रहा लाइनमैन करंट लगने से बूरी तरह झुलस गया। इससे बिजलीघर के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। बिजली कर्मचारी घायल लाइनमैन को अस्पताल ले गये। गुस्साये कर्मचारियों ने शटडाउन के बावजूद फीडर चालू करने के आरोप में एक युवक को जमकर पीटा।
बृहस्पतिवार की देर शाम को लाइनमैन जोनी अघ्याना रोड पर पोल पर चढ़कर काम कर रहा था। बताया जाता है कि जोनी ने बिजलीघर से शटडाउन लिया था। वह बिजली ठीक करने के लिये पोल पर चढ़ा ही था कि अचानक लाइन चालू हो गई। इससे वह करंट लगने से बुरी तरह से झुलसकर नीचे आ गिरा। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना बिजलीघर पर दी तो बिजलीघर में हड़कंप मच गया। बिजलीघर के कर्मचारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। जहां से स्थानीय व्यक्तियों की मदद से घायल लाइनमैन को इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने बमुश्किल घायल लाइनमैन को बचाया। बिजली कर्मचारियेां का कहना है कि लाइन चालू होने के बाद मशीन ट्रिप होने से लाइनमैन की जान बच गयी। उनका कहना है कि यदि मशीन ट्रिप न होती तो लाइनमैन की जान भी जा सकती थी। उधर शटडाउन के बावजूद फीडर चालु होने से गुस्साये कर्मचारियों ने फीडर चालू करने के शक में एक युवक को जमकर पीट दिया। उनका आरोप था कि आरोपी युवक नशे में था । वह बिजलीघर पर ही काम करता है। चिकित्सकों के अनुसार घायल लाइनमैन की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। उधर जेई का कहना था कि मामले की जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।