सहारनपुर। थाना चिलकाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल लाने पर युवक की मौत हो गई। परिजन बिना किसी कार्रवाई के शव को ले गए।
थाना चिलकाना के गांव धोलाहेड़ी निवासी 28 वर्षीय गोल्डी पुत्र मायाराम शनिवार की देर शाम सरसावा में शादी समारोह में शामिल होकर बाइक पर घर लौट रहा था। बताया जाता है कि थाना चिलकाना क्षेत्र के गांव चालाकपुर के पास अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में गोल्डी गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी बीच किसी परिचित ने उसे पहचान कर परिजनों को सूचना दी। तब तक पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। डायल 100 पर तैनात कांस्टेबल धनपाल सिंह गोल्डी को देर रात जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जो पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव लेकर चले गए।