सहारनपुर। मांगें पूरी नहीं होने पर वाणिज्य कर विभाग के कर्मियों ने शनिवार को काले फीते बांधकर कार्य किया। उन्होंने कहा कि मांग पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
शनिवार को दिल्ली रोड स्थित वाणिज्य कर भवन में लिपिक संवर्ग के कर्मचारियों ने सुबह से ही काली पट्टी बांधकर कार्य किया। यूूपी वाणिज्य कर मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप पुंडीर और मंत्री बृजपाल सतपुरी ने बताया कि कर्मचारी विभिन्न मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्षरत हैं। उन्होंने लिपिक संवर्ग के किसी भी कर्मचारी की जनवरी 2016 से एसीपी स्वीकृत नहीं हुई है। उन्होंने नए कार्यालय में कर्मचारियों के लिए पीने का पानी उपलब्ध कराने, भवन में जो भी पार्टीशन किए गए हैं उनकी जांच करने, भवन की लिफ्ट सही कराने आदि की मांग की। उन्होंने कहा कि इन मांगों को लेकर एसोसिएशन उच्चाधिकारियों को कई बार ज्ञापन दे चुकी है। इसके बाद भी कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी की जा रही है। अवनीश शर्मा, मुकेश कुमार, नरेश कुमार, अवधेश कुमार, राजीव शर्मा, अनिल कुमार, सिद्धार्थ रोहिला आदि रहे।