सहारनपुर। गागलहेड़ी स्थित हरि कालेज को एसडीएम सदर संगीता ने खाली कराने का नोटिस जारी किया है। आरोप है कि कालेज का एक हिस्सा नदी के प्रवाह को बाधित कर रहा है। पैमाइश के बाद ही इसकी स्थिति स्पष्ट होगी।
उप जिलाधिकारी सदर संगीता ने बताया कि गागलहेड़ी स्थित हरि कालेज परिसर के एक हिस्सा नदी के प्रवाह को बाधित कर रहा है। इसके चलते कालेज प्रबंधन को धारा 446 के तहत नोटिस दिया गया है। इसके बाद पैमाइश कराई जाएगी। यदि कालेज परिसर का नदी के क्षेत्र में अतिक्रमण पाया गया तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि कालेज परिसर का एक भाग पास स्थित नदी के प्रवाह में आडे़ आ रहा है। प्रवाह क्षेत्र में होने के चलते इसकी जांच की जाएगी। जिससे यह पता चल सकेगा कि कालेज की भूमि कहां तक है, क्या कालेज ने नदी की भूमि पर तो अवैध कब्जा नहीं कर रखा है। तहसीलदार सदर सुधीर कुमार ने बताया कि हरि कालेज प्रबंधन से बैनामे आदि के कागजात भी मांगे गए हैं।
किसानों ने मांगा एक समान मुआवजा
सहारनपुर। भूमि अधिग्रहण में एक समान मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर बाईपास प्रभावित किसानों ने ग्राम नन्दी में बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने एक समान मुआवजा नहीं दिए जाने पर आंदोलन करने की चेतावनी दीद्घ
शुक्रवार को ग्राम नन्दी में प्रदीप नंबरदार के आवास पर आयोजित बाईपास प्रभावित करीब 80 गांवों के किसानों ने बैठक का आयोजन किया। वक्ताओं ने कहा कि बाईपास के लिए अधिग्रहीत की गई भूमि के मुआवजे में किसानों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि एक समान मुआवजा नहीं दिया गया तो किसानों को आंदोलन करने पर मजबूर होना पडे़गा। अध्यक्षता चरण सिंह रेडी और संचालन निरोम टोली ने किया। अफजाल, मोहित, मांगेराम, सतीश एडवोकेट, राकेश छपरेड़ी, गुफरान भैंसराऊ, सुमित झरौली, राजेश अगवानहेड़ा आदि रहे।