सहारनपुर। शाहजहांपुर में 16 से 19 दिसंबर को आयोजित हुए राष्ट्रीय नाट्य उत्सव 2017 में सहारनपुर के कलाकारों का जलवा रहा। सहारनपुर की पांच नाट्य संस्थाओं ने हिस्सा लेते हुए सर्वश्रेष्ठ नाटक और सर्वश्रेष्ठ अभिनेता समेत कुल 10 पुरस्कार अपने नाम करते हुए सहारनपुर का नाम रोशन किया। विजेताओं को फिल्म अभिनेता राजपाल यादव ने पुरस्कृत किया।
रंगकर्मी संदीप शर्मा ने बताया कि उत्सव में कुल 25 रंगकर्म संस्थाओं ने प्रतिभाग किया, जिनमें पांच संस्थाएं सहारनपुर की थीं। सहारनपुर की रंगकर्म संस्था अभिनय मित्र ने हास्य नाटक लव यू जिंदगी, किरदार ग्रुप ने बिन बाती के दीप, अदाकार ग्रुप ने जाल द वेव, मानसी गुरुकुल ने अंधा युग और सहारनपुर आर्ट्स ने कोर्ट मार्शल का दमदार मंचन किया। अभिनय मित्र के हास्य नाटक लव यू जिंदगी को सर्वश्रेष्ठ नाटक का खिताब मिला। नाटक के प्रमुख किरदार अमित खन्ना के रूप में रहे विशाल कुमार को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता चुना गया। फाल्गुनी भारद्वाज और पावनी कौशिक ने सीनियर एवं जूनियर वर्ग में शास्त्रीय नृत्य में पहला स्थान हासिल किया। किरदार ग्रुप के बिन बाती के दीप नाटक को सर्वश्रेष्ठ सेंट डिजाइन का पुरस्कार मिला। अदाकार ग्रुप के नाटक जाल द वेब की अभिनेत्री रीतिका को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का प्रथम पुरस्कार मिला। मानसी गुरुकुल के नाटक अंधा युग को सर्वश्रेष्ठ रंगयात्रा एवं युगन नृत्य का पुरस्कार मिला। सहारनपुर आर्ट के नाटक कोर्ट मार्शल को सर्वश्रेष्ठ परिधान का प्रथम पुरस्कार मिला। सहारनपुर से कुल 80 रंगकर्मियों ने अपने अभिनय की छाप उत्सव में छोड़ी। शहर के कलाप्रेमियों ने कलाकारों को बधाई दी।