देवबंद (सहारनपुर)। मुस्लिम फंड ट्रस्ट के महाप्रबंधक व हज सेवक मौलाना हसीब सिद्दीकी ने बताया कि वर्ष 2018 में हज यात्रा पर जाने वाले यात्रियों के लिए केंद्रीय हज कमेटी ने अतिरिक्त सुविधा के साथ आवेदन की तिथि को बढ़ाकर 22 दिसंबर कर दिया है।
शनिवार को पत्रकारों को जानकारी देते हुए मौलाना हसीब सिद्दीकी ने बताया कि केंद्रीय हज कमेटी ने हज यात्रियों की सहायता करने वाले विभिन्न संगठनों की मांग पर आवेदन तिथि को बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। जिससे हज यात्रा पर जाने वाले लोगों को आवेदन करने के लिए 15 दिन का समय ओर मिल गया है। पहले आवेदन करने की अंतिम तिथि 7 दिसंबर थी। जिसे बढ़ाकर 22 दिसंबर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि विगत वर्षों अपेक्षा इस वर्ष फार्म भरने का कार्य डेढ़ माह पहले आरंभ कर दिया गया है। मौलाना हसीब ने केंद्रीय हज कमेटी व हज मंत्रालय से मांग करते हुए दिल्ली, लखनऊ, कोलकाता, गुवाहाटी और श्रीनगर से जाने वाले यात्रियों के किराए को कम करने की मांग की है। इसके साथ ही सिद्दीकी ने बताया कि मुस्लिम फंड का हज काउंटर फार्म भरवाने के लिए अन्य दिनों के साथ साथ रविवार को भी देर रात्रि तक खोला जाएगा।